ताइवान पिंक अमरूद (Taiwan Pink Guava) या ताईवानी अमरूद एक प्रीमियम, सदाबहार और जल्दी फल देने वाली अमरूद की किस्म है, यह अपने मीठे स्वाद, कम बीजों और चमकदार गुलाबी गूदे के लिए प्रसिद्ध है।
ताइवान पिंक अमरूद का यह पौधा 6-12 महीने में फल देना शुरू कर देता है, इसका उत्पादन करीब 50-60 किलो प्रति पेड़ होता है, और इसका वजन 200-750 ग्राम तक हो सकता है। यह बागवानी और गमलों के लिए बेहतरीन है।
ताइवान पिंक अमरूद
- पेड़ लगाने के 6 से 12 महीने के भीतर ही फल मिलने लगते हैं।
- इस अमरूद के फलों में बाहर से हल्के पीले-हरे और अंदर से गहरा गुलाबी/लाल गूदा होता है।
- ताइवान पिंक अमरूद स्वाद में अत्यधिक मीठा, सुगंधित और रसीला होता है।
- इसमें बीज बहुत कम और छोटे होते हैं।
- ताइवान पिंक अमरूद 12 महीने फल देने की क्षमता रखता है और इससे प्रति वर्ष दो बार मुख्य फसल मिलती है।
- यह आम अमरूदों की तुलना में प्रीमियम दाम पर बिकता है।
- इन्हें आप बालकनी, टेरेस गार्डन, किचन गार्डन या बड़े ग्रो बैग (21×21 इंच) में आसानी से उगा सकते हैं।
- यह उष्णकटिबंधीय (Tropical) पौधा है, जिसे 20°C से 35°C का तापमान पसंद है, लेकिन यह 42°C तक भी फल दे सकता है।
- ताइवान पिंक अमरूद कम रखरखाव वाला होता है, लेकिन अच्छे उत्पादन के लिए नियमित रूप से गोबर की खाद और वर्मीकम्पोस्ट देने की जरूरत होती है
भारत में खेती और कमाई
भारत में भी अब किसान ताइवान पिंक अमरूद की खेती तेजी से करने लगे हैं. इसकी रोपाई आमतौर पर बारिश के मौसम यानी जुलाई से सितंबर के बीच की जाती है, साथ ही मध्यप्रदेश के हरदा, खरगौन, धार, बड़वानी और बुरहानपुर जैसे इलाकों में कई किसान इसे अपनाकर शानदार मुनाफा भी कमा रहे हैं.
खेती विशेषज्ञ बताते है कि, कुछ किसानों ने पहले साल में ही 1 से 1.5 लाख रुपये प्रति एकड़ की कमाई कर ली है. जैसे-जैसे पौधे बड़े होते हैं, कमाई भी बढ़ती जाती है. साथ ही हाई डेंसिटी खेती से कम जमीन में ज्यादा उत्पादन मिलता है, जिससे आधे एकड़ में भी लाखों रुपये तक की कमाई संभव हो जाती है.
ताइवान पिंक अमरूद किसानों के लिए फायदेमंद इसलिए साबित हो रहा है क्योंकि इसकी लागत के मुकाबले मुनाफा ज्यादा है.
इसकी पौध जल्दी तैयार होती है और फल जल्दी बाजार में बिकने लगते हैं. साथ ही इसकी मांग ज्यादा होने के कारण किसानों को अच्छे दाम मिलते हैं. इसके अलावा यह फसल लंबे समय तक उत्पादन देती है, जिससे बार-बार नई फसल लगाने की जरूरत नहीं पड़ती.
दो से तीन साल में यही आमदनी 4 से 5 लाख रुपये प्रति एकड़ तक पहुंच जाती है. कम जगह में ज्यादा उत्पादन होने से छोटे किसान भी अच्छी कमाई कर पा रहे हैं.
ताइवान पिंक अमरूद का बाजार भाव सामान्य अमरूद से ज्यादा होता है. जहां आम अमरूद बाजार में 30 से 40 रुपये किलो बिकता है, वहीं ताइवान पिंक अमरूद 80 से 100 रुपये किलो तक आराम से बिक जाता है. वजह साफ है इसका साइज बड़ा होता है।
इसका वजन 250 ग्राम से लेकर 700 से 750 ग्राम तक पहुंच जाता है. अगर बात करें इससे मिलने वाले फायदे की तो, इसमें विटामिन C, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं.

